Hapur tantrik case: तांत्रिक के कहने पर चिता से खोपड़ी निकाल ले गए, 3 गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश के हापुड़ से एक बेहद हैरान कर देने वाली और सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां एकतरफा प्रेम में पागल युवक ने लड़की और उसके परिवार को वश में करने के लिए ऐसा खौफनाक कदम उठाया, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया। तांत्रिक की सलाह पर आरोपी युवक और उसके साथियों ने शमशान घाट पर जलती चिता से खोपड़ी और राख निकाल ली और मौके से फरार हो गए।

Hapur tantrik case

यह घटना हापुड़ देहात क्षेत्र के सोनपुर सोटावाली मोहल्ले की है। बताया जा रहा है कि एक किशोर का अंतिम संस्कार शमशान घाट पर किया गया था। परिवार के लोग अंतिम संस्कार के बाद घर लौट गए, लेकिन कुछ समय बाद जब वे दोबारा वहां पहुंचे तो देखा कि चिता से सिर के अवशेष और राख गायब हैं। यह देखकर परिवार में हड़कंप मच गया और पूरे इलाके में दहशत फैल गई।

परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कराई। फुटेज में साफ दिखाई दिया कि तीन युवक मोपेड पर सवार होकर शमशान घाट पहुंचे और कुछ देर बाद तेजी से वहां से निकल गए। इस फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।

यह भी पढ़े : अवैध तमंचे के साथ अभियुक्त गिरफ्तार, कोतवाली सदर पुलिस की कार्रवाई

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में जो खुलासा हुआ, वह और भी चौंकाने वाला था। पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी एक लड़की से एकतरफा प्रेम करता था और उसे तथा उसके परिवार को अपने वश में करना चाहता था। इसके लिए उसने एक तांत्रिक से संपर्क किया।

तांत्रिक ने आरोपी को कथित तौर पर सलाह दी कि अगर वह चिता से खोपड़ी और राख लाकर विशेष तंत्र क्रिया करेगा, तो लड़की और उसका परिवार उसके वश में आ जाएंगे। इसी अंधविश्वास के चलते आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में एक तांत्रिक, एकतरफा प्रेमी और उसका एक साथी शामिल है। तीनों से पूछताछ की जा रही है और मामले की आगे की जांच जारी है।

इस घटना ने एक बार फिर समाज में फैले अंधविश्वास और तंत्र-मंत्र के नाम पर हो रहे अपराधों को उजागर कर दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की घटनाओं पर सख्ती से कार्रवाई की जाएगी, ताकि भविष्य में कोई भी इस तरह का दुस्साहस न कर सके।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *